बिहार

कोसी नहर में पानी नहीं, फिर भी नहीं थमेगी छठ की आस्था, नरपतगंज में बनेंगे 16 अस्थायी घाट

अररिया। रंजीत ठाकुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नरपतगंज नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष कोसी मुख्य नहर में पानी नहीं रहने के कारण छठव्रतियों के सामने अर्घ्य अर्पित करने की समस्या उत्पन्न हो गई थी। व्रतियों की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने वैकल्पिक व्यवस्था की पहल की है। मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी की पहल पर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 16 स्थानों पर अस्थायी छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है।

नगर परिषद की ओर से घाटों पर मिट्टी भराई के साथ पानी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइटिंग, पंडाल, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य व्रतियों को अपने आसपास ही सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने की सुविधा देना है।

नगर परिषद की ओर से निर्धारित स्थलों में वार्ड संख्या-01 में वितरणी नहर पर कौशल के घर के पास, वार्ड-02 में मुख्य पार्षद के घर के निकट, वार्ड-03 में रामकुमार सिंह एवं रामकिशोर यादव की निजी जमीन पर तथा वार्ड-04 में भोला बाबा मंदिर के पास खरसाही नहर के दक्षिणी भाग में घाट बनाया जा रहा है। वार्ड-05 में दास टोला एवं यादव टोला के बीच, वार्ड-06 में साहेबगंज रोड रेलवे गुमटी के उत्तर वितरणी नहर पर, पप्पू यादव के घर के निकट और ब्रह्म बाबा स्थान के पास भी व्यवस्था की जा रही है।

इसी तरह वार्ड-07 में रेलवे पुल सुरसर नदी मंडल टोला, वार्ड-08 में शैलेश बाबा मंदिर एवं ऋषिदेव टोला, वार्ड-09 में 8 आरडी पुल बड़ी नहर तथा वार्ड-10 में वितरणी नहर सिसुआ श्मशान घाट रोड के पास घाट बनाए जा रहे हैं। वार्ड संख्या-11, 12, 18 एवं 19 के श्रद्धालुओं के लिए वितरणी नहर के एनएच के दक्षिणी एवं उत्तरी भाग तथा कन्या मध्य विद्यालय परिसर में व्यवस्था की गई है।

वहीं वार्ड-12, 13 एवं 14 के लिए एनएच रेलवे अंडरपास के पास दक्षिणी नहर एवं नया टोला, वार्ड-15 में खरसाही नहर, कृष्ण मंदिर एवं मराही टोला, वार्ड-16 में खरसाही नहर के एनएच से दक्षिणी भाग, वार्ड-17 में शिव मंदिर, ऋषिदेव टोला एवं भीम राय के घर के सामने तथा वार्ड-20 में बजरंगबली मंदिर के निकट वितरणी नहर के पास अस्थायी घाट तैयार कराए जा रहे हैं।

मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए कोसी नहर में पानी नहीं रहने की स्थिति को लेकर सर्वसम्मति से वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। छठव्रतियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल 16 अस्थायी घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की जरूरत और मांग को देखते हुए यदि आवश्यकता पड़ी तो घाटों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। सभी घाटों पर पानी, रोशनी, पंडाल और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, विश्वास और सामाजिक एकता का महापर्व है। नगर परिषद का प्रयास है कि किसी भी व्रती को नहर में पानी नहीं रहने के कारण पूजा-अर्चना में परेशानी नहीं हो। नगर परिषद की इस पहल से छठव्रतियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय स्तर पर घाटों की व्यवस्था होने से श्रद्धालु अपने परिवार और आसपास के लोगों के साथ सुविधाजनक ढंग से अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।

Related posts

बेखौफ अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर युवक के सर में गोली मारकर की हत्या!

अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया

बिहार में लापरवाह 15 अधिकारियों पर गिरी गाज, निलंबित; फारबिसगंज के सीओ पंकज कुमार भी कार्रवाई की जद में