बिहार

छठ महापर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित, सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर

अररिया, रंजीत ठाकुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, आशीष पटेल एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए डीएम विनोद दूहन ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले के सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने छठ घाटों की व्यवस्था और पर्व के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने तथा यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर नशामुक्त बिहार बनाने का संदेश देते हुए लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Related posts

अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया

बिहार में लापरवाह 15 अधिकारियों पर गिरी गाज, निलंबित; फारबिसगंज के सीओ पंकज कुमार भी कार्रवाई की जद में

लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने गोवर्धन पूजा की दी शुभकामनाएं