पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना पुलिस ने मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन तथा नकद राशि भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई की रात मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से तीन अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट की थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देशन में तथा राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 राजकिशोर सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
