फुलवारीशरीफ, अजीत। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का रविवार को फुलवारी शरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शुभारंभ किया गया. अभियान का उद्घाटन पटना के सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाकर किया. इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मी मौजूद रहे।
सिविल सर्जन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि देश को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे पटना जिले में करीब 4,003 टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें बूथों के अलावा घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।
सिविल सर्जन ने कहा कि यह विशेष अभियान पांच दिनों तक संचालित किया जाएगा. इस दौरान जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए आम लोगों का सहयोग आवश्यक है और एक भी बच्चे का छूटना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं. उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण है और सभी के सहयोग से ही भारत को हमेशा के लिए पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प साकार होगा।
