पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि किसानों के चेहरे की खुशहाली ही बिहार की समृद्धि का द्वार खोलेगी। वे बामेती सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के संबोधन की बड़ी बातें :
- PM किसान सम्मान निधि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खाते में 23वीं किश्त के 18,880 करोड़ रुपये DBT से भेजे। बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,463 करोड़ रुपये मिले।
- सस्ती बिजली: बिहार में कृषि कार्य के लिए किसानों को मात्र 64 पैसे प्रति यूनिट बिजली दी जा रही है। सोलर पम्प स्टोरेज सिस्टम से बिजली देने का काम तेज है।
- समेकित खेती पर जोर: सीएम ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए पारंपरिक खेती की जगह समेकित खेती, होर्टिकल्चर और आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देना होगा। प्राकृतिक खेती के लिए 800 जीविका दीदियों को कृषि सखी बनाया गया है।
- योजनाओं की प्रगति: बिहार में 55 लाख किसानों की फार्मर ID बन चुकी है। पिछले दो दशक में सिंचित भूमि 22 हजार से बढ़कर 44 हजार हेक्टेयर हो गई। 45,000 गांवों में किसानों के उत्पाद को बाजार से जोड़ा जा रहा है।
- महिला सशक्तिकरण: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना में प्रति महिला 2.10 लाख की मदद दी जाएगी। पहली किश्त 10 हजार मिल चुकी है। बिहार में 48 लाख लखपति दीदी हैं, अगले 2 साल में 1 करोड़ जीविका दीदियों को लखपति बनाना लक्ष्य है।
- सहयोग शिविर: 3.25 लाख आवेदनों में से 2.75 लाख का निष्पादन हुआ। लापरवाह पदाधिकारियों को नोटिस भेजे गए। आदेशों की समीक्षा BDO से कमिश्नर स्तर तक होगी। किसान क्रेडिट कार्ड भी शिविर में बनेंगे।
- बिजली अनुदान: बिहार देश में सबसे ज्यादा 23,000 करोड़ बिजली अनुदान दे रहा है। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
इस दौरान PM ने डिजिटल कृषि मिशन, PM फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और PM धन-धान्य कृषि योजना का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, कृषि प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल समेत कई अधिकारी और किसान मौजूद थे।
