फुलवारीशरीफ, अजित। गोपालपुर थाना कांड संख्या-3211/2025 से जुड़े कथित फर्जी फ्लैट रजिस्ट्री मामले में पटना सदर की पूर्व डीसीएलआर मैत्री सिंह, उनके पिता लाल नारायण सिंह तथा ममेरे भाई कान्तेश रंजन उर्फ पिंकु के विरुद्ध जारी वारंट की तामील रिपोर्ट पर 20 जून को अदालत में सुनवाई होगी. इस सुनवाई पर सभी पक्षों की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि अदालत मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार कर सकती है।
मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित एकतापुरम के छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या ए-1/603 से संबंधित है. शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि संपत्ति के वास्तविक स्वामी की अनुपस्थिति तथा वृद्ध अभिभावक की अस्वस्थता का लाभ उठाकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों में कथित अनियमितता की गई और फ्लैट के स्वामित्व को लेकर विवादित रजिस्ट्री कराई गई।
मामले में आरोप है कि फ्लैट को पहले कान्तेश रंजन उर्फ पिंकु के नाम दर्शाया गया और बाद में लाल नारायण सिंह के नाम रजिस्ट्री कराई गई. इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व डीसीएलआर मैत्री सिंह पहले भी प्रशासनिक और विभागीय कार्रवाई को लेकर चर्चा में रही हैं. हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाना शेष है. प्रशासनिक और कानूनी हलकों में इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है तथा 20 जून की सुनवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
