फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र स्थित कुरथौल में संचालित एक सॉस एवं नूडल्स प्लांट में घुसकर कर्मी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है. मामले को लेकर व्यवसायी मृणाल सिंह ने परसा बाजार थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में मृणाल सिंह ने आरोप लगाया है कि गोपालगंज जिले के सरैया स्थित एक जमीन के एग्रीमेंट और कब्जे को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है. इस संबंध में उन्होंने पूर्व में गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई थी। मृणाल सिंह का कहना है कि जमीन विवाद के दौरान उन्हें लगातार गोपालगंज नहीं आने और जमीन छोड़ देने की धमकी दी जा रही थी. इस संबंध में उन्होंने 3 जून 2026 को सन्हा भी दर्ज कराया था।
शिकायत के अनुसार 18 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे उनकी अनुपस्थिति में दो अज्ञात व्यक्ति कुरथौल स्थित उनके प्लांट पर पहुंचे और वहां कार्यरत कर्मचारी सिंकदर कुमार भारती के साथ मारपीट की. आरोप है कि हमलावरों ने बंदूक के बट से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा दोबारा गोपालगंज नहीं आने की धमकी दी। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच कर आरोपितों की पहचान की जा सकती है. पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है. वहीं घटना के बाद व्यवसायी और उनके कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
