पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार में हरित ऊर्जा एवं सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत M/s Bharat GPS Bioenergy Pvt. Ltd. द्वारा औद्योगिक क्षेत्र कुमारबाग, पश्चिम चंपारण में अत्याधुनिक Compressed Biogas (CBG) प्लांट स्थापित किया जाएगा। लगभग ₹120.74 करोड़ के निवेश से विकसित होने वाली यह परियोजना राज्य में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ औद्योगिक विकास एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।
इस संबंध में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पात्र आवेदकों को राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटित करने के प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में M/s Bharat GPS Bioenergy Pvt. Ltd. को IA कुमारबाग, पश्चिम चंपारण में आधुनिक CBG प्लांट स्थापित करने की स्वीकृति दी गई।
प्रस्तावित परियोजना लगभग 15 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। यह इकाई कृषि एवं जैविक अपशिष्टों के वैज्ञानिक उपयोग के माध्यम से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन करेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग 370 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही, किसानों को कृषि अवशेषों के बेहतर उपयोग का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
माननीय उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण-अनुकूल उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि CBG जैसी परियोजनाएँ राज्य में सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन तथा रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को निवेश, नवाचार एवं हरित औद्योगिक विकास का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, श्री कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएँ एवं निवेशक-अनुकूल नीतियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे निवेश न केवल राज्य की औद्योगिक प्रगति को गति देंगे, बल्कि पर्यावरणीय स्थिरता एवं स्थानीय रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
