बिहार

सोरंगपुर में ड्रग्स के बड़े ठिकाने पर पुलिस का छापा, 10 किलो से अधिक ब्राउन शुगर-हेरोइन बरामद!

पटना, अजित। राजधानी पटना में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामकृष्ण नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के सोरंगपुर स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 10 किलोग्राम से अधिक ब्राउन शुगर और हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से अवैध हथियार, कारतूस, अंग्रेजी शराब और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस का दावा है कि पिछले सात दिनों में अलग-अलग कार्रवाई में करीब 17 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।

पटना सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरंगपुर स्थित मानवी देवी के मकान में किराए पर रह रहे कुछ लोग बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों का भंडारण कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और मकान में छापेमारी की गई।

तलाशी के दौरान कमरे से 8.819 किलोग्राम ब्राउन शुगर और 1.018 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा लगभग 11.30 लीटर अंग्रेजी शराब, एक देसी कट्टा, एक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

Advertisements
Ad 1

पुलिस ने मौके से चिंटू कुमार उर्फ छोटू और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है और दोनों सोरंगपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जांच में यह मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के नया चक बेईमान टोला में 3 जून को हुई बड़ी कार्रवाई से जुड़ा पाया गया है। उस छापेमारी में भी भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और हेरोइन बरामद की गई थी। पुलिस का मानना है कि दोनों मामलों के तार एक ही गिरोह से जुड़े हुए हैं, जो लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में सूखे नशे का कारोबार चला रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का संचालन पारिवारिक स्तर पर किया जा रहा था। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस मुख्य सरगना संतोष साव, उसकी पत्नी रेखा देवी तथा सीमा कुमारी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि मादक पदार्थों की खेप कहां से लाई जाती थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ड्रग्स कारोबार के पूरे नेटवर्क और इसके आर्थिक तंत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।

Related posts

सेटेलाइट टाउनशिप और भूमि निबंधन पर रोक के विरोध में किसानों का धरना, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

समर कैंप का हुआ समापन, बच्चों ने प्रस्तुत की रचनात्मक प्रतिभा

सैदनपुर में युवक को गोली मार बाइक लेकर भागा साथी, पुलिस खंगाल रही वारदात की वजह

error: