गया, (न्यूज़ क्राइम 24) आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को डेल्हा एवं महिला थाना परिसर में लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने भाग लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं। गोष्ठी के दौरान क्षेत्र के आमजन एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी सामूहिक समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को खुलकर पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष रखा।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आमजनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और आयोजन को लेकर उत्साह एवं आशा व्यक्त की। वहीं मगध क्षेत्र की जिला पुलिस ने भी भरोसा दिलाया कि आमजन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान उसकी प्राथमिकता रहेगी।
जिला पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, चाहे वह छोटी ही क्यों न हो, बिना किसी भय या संकोच के संबंधित थाना को अवगत कराएं, ताकि थाना स्तर पर समयबद्ध एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। लोक संवाद गोष्ठी के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
