पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर लोगों के खातों से अवैध निकासी करने वाले एक संगठित गिरोह का पटना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से एटीएम स्वाइप मशीन, कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अपराधी एटीएम मशीन में पैसे निकालने आए लोगों का कार्ड फंसा देते थे। इसके बाद मशीन के पास लिखे गए मोबाइल नंबर पर कॉल करने के लिए कहते थे और सुनियोजित तरीके से बैंक खातों से राशि की निकासी कर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। इसी क्रम में 16 नवंबर 2025 को गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित एक एटीएम में कार्ड फंस जाने के बाद पीड़ित के खाते से 1.10 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तथा नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) की निगरानी में विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक एटीएम स्वाइप मशीन, एक पेचकस, एक छुरी, सात एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो मोबाइल बैटरी, पांच स्मार्टफोन, एक आईफोन, दो कीपैड मोबाइल, एक फिंगरप्रिंट स्कैनर, जमीन से संबंधित दस्तावेज, एक चार पहिया वाहन और एक दो पहिया वाहन बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है। मामले की जानकारी देते हुए डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
