बिहार

खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन परियोजना से बिहार के विकास को मिलेगी रफ्तार : इंजीनियर कुमार शैलेंद्र

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) यशस्वी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बिहार में सड़क कनेक्विटी को और मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 एवं 231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड (143.529 किलोमीटर) को 4-लेन मानक में उन्नत करने के लिए 3936.05 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दी गई है। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना को मिली मंजूरी से बिहार के विकास को रफ्तार मिलेगी।

इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति द्वारा दिए गए इस बड़ी सौगात से बिहार और सीमांचल के जिलों की बीच सफर आसान हो जाएगा। उन्होंने इसे बिहार के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण योजना नहीं है, बल्कि बिहार के पूर्वी और सीमांचल क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक प्रगति का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुजरने वाले इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से यातायात दबाव, तीखे मोड़ों, ज्यामितीय खामियों और शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ जैसी समस्याएं मौजूद थीं। केंद्र सरकार की इस स्वीकृति से इन चुनौतियों का समाधान होगा और लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं तेज यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत पूर्णिया शहर के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा विस्तारित ग्रीनफील्ड बाईपास विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यात्रा की औसत गति में वृद्धि होगी तथा यात्रा समय में लगभग दो घंटे की कमी आएगी। सड़क सुरक्षा में सुधार, ईंधन की बचत और वाहन परिचालन लागत में कमी से आम जनता, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Advertisements
Ad 1

इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने इस परियोजना को विकसित भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि उन्नत कॉरिडोर राज्य के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निर्बाध रूप से जोड़ेगा। साथ ही यह पांच पीएम गति-शक्ति आर्थिक केंद्रों, जिनमें कपड़ा क्लस्टर, मेगा फूड पार्क तथा मत्स्य एवं समुद्री खाद्य पार्क शामिल हैं, को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त चार प्रमुख रेलवे स्टेशन, एक हवाई अड्डा तथा अन्य महत्वपूर्ण परिवहन नेटवर्क से जुड़ाव होने के कारण बहु-मोडल परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। इस परियोजना से न केवल माल ढुलाई और यात्रियों की आवाजाही तेज होगी, बल्कि निवेश, उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसका लाभ विशेष रूप से सीमांचल और पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को मिलेगा।

पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि यशस्वी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिहार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। आज बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों, पुलों और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के माध्यम से विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना बिहार को देश के प्रमुख आर्थिक गलियारों से और अधिक मजबूती से जोड़ेगी तथा राज्य को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related posts

जल जमाव समस्या निदान हेतु विधायक और निगमायुक्त ने किया निरीक्षण

फुलवारी शरीफ में हत्या की साजिश नाकाम, तीन अपराधी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार!

औचक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने थाने की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का लिया जायजा

error: