पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना यातायात पुलिस के लिए गुरुवार का दिन विशेष और गौरवशाली रहा। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के अंतर्गत नए बायपास यातायात थाना भवन का विधिवत उद्घाटन संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा एवं यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार सहित सभी यातायात उपाधीक्षक, पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
नए थाना भवन के शुरू होने से पुलिसकर्मियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही आम जनता को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि यातायात संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों का अब और अधिक तेजी से निवारण किया जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस नई व्यवस्था से जीरो माइल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। पटना यातायात पुलिस ने शहर की सड़कों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के अपने संकल्प को दोहराया है।
