अररिया, रंजीत ठाकुर। गुरुवार शाम बथनाहा–बीरपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। घटना शाम करीब 6:45 बजे की है, जब 56वीं वाहिनी मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल बथनाहा के मुख्य द्वार से लगभग 40 मीटर दूर एक टोटो वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।
हादसे में जानकीनगर, पूर्णिया निवासी लगभग 50 वर्षीय अब्दुल कुदुस मास्टर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर सहायक कमांडेंट राशि भारद्वाज एवं निरीक्षक सामान्य प्रवीण प्रभाकर के निर्देश पर मुख्य द्वार पर तैनात गार्ड कमांडर और जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को 56वीं वाहिनी के चिकित्सालय शाखा एवं संयुक्त अस्पताल बथनाहा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर श्री निवास गोंडा (कमांडेंट चिकित्सा) एवं डॉ. बीर बहादुर सिंह (द्वितीय कमान अधिकारी चिकित्सा) सहित चिकित्सा कर्मियों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। SSB की इस तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
