पटना, सुनील कुमार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में 4954 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ए०एन०एम०) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से सुश्री विनीता कुमारी, सुश्री स्वाति कुमारी और सुश्री रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ए०एन०एम० को बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि मेरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पाण्डेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, बिहार स्वास्थ्य सेवायें एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अमित कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं नियुक्ति पत्र पानेवालीं ए०एन०एम० उपस्थित थीं।
