फुलवारीशरीफ, अजित। नगर परिषद सम्पतचक के सभाकक्ष में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में उप मुख्य पार्षद निशा कुमारी, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सह वार्ड पार्षद डोमन पासवान एवं वार्ड पार्षद दिलीप कुमार सहित कार्यपालक पदाधिकारी सुनील कुमार और अन्य कर्मी उपस्थित रहे. बैठक की शुरुआत में विभिन्न वार्डों से प्राप्त महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बरसात से पूर्व जल जमाव की समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. इसके तहत चिन्हित क्षेत्रों में नाला निर्माण, मरम्मत एवं सफाई से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डोमन पासवान ने अपने वार्ड सहित अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और समय पर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. प्रमुख स्थानों पर वृक्षारोपण कराने, वेलकम गेट स्थापित करने तथा सभी वार्डों में साइनबोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया. सोहगी मोड़ पर आकर्षक क्लॉक टॉवर लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र की पहचान और सुंदरता बढ़ेगी। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी नालों एवं पईन की उड़ाही कराने का निर्णय लिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समयबद्ध तरीके से सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए ताकि जल जमाव की समस्या से राहत मिल सके।
बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में आवारा कुत्तों की समस्या पर भी चर्चा की गई. इस पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया, जिसका खर्च नगर परिषद के आंतरिक संसाधन से वहन किया जाएगा। इसके अलावा लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए पाया गया कि कुछ संवेदकों को कार्य आवंटित होने के बावजूद उन्होंने एकरारनामा नहीं किया और कार्य प्रारंभ नहीं किया. इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे संवेदकों को नोटिस देने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी सुरक्षा राशि जब्त करने एवं उन्हें काली सूची में डालने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में ऐसे संवेदकों को किसी भी कार्य में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा संबंधित विभाग को भी इस संबंध में पत्र भेजा जाएगा। बैठक के अंत में मुख्य पार्षद अमित कुमार ने सभी निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश दिया और कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी।
मुख्य पार्षद अमित कुमार ने बताया कि सभी वार्ड पार्षद से प्राप्त महत्वपूर्ण योजनाओं का चयन करते हुए बरसात पूर्व जल जमाव संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु निविदा की कार्रवाई करने की निर्णय लिया गया. महत्वपूर्ण स्थानों पर वृक्षारोपण कराने का निर्णय लिया गया जिसका व्यय आन्तरिक संसाधन मद से किया जाएगा। सौन्दर्गीकरण कराने हेतु उपयुक्त स्थानों पर वेलकम गेट लगाने एवं सभी वार्डो में साईनेज बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया।
सोहगी मोड़ पर क्लॉक टॉवर लगाने का निर्णय लिया गया। जल जमाव से निदान हेतु सभी नालों एवं पईन की उड़ाही का निर्णय लिया गया.माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निदेश के आलोक में आवारा कुत्तों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया जिस पर होने वालें व्यय आन्तरिक संसाधन मद से वहन किया जाएगा.पूर्व में वैसे कार्य संवेदक जिनको निविदोपरान्त कार्य आवंटित किया गया परन्तु उनके द्वारा कार्य आवंटन के बाद भी एकरारनामा नहीं किया गया एवं कार्य प्रारंभ नहीं किया गया जिसके बाद इन संवेदकों को कार्य करने का नोटिस किया गया. बावजूद इसके उनके द्वारा कार्य कराने में कोई रूचि नहीं ली गई. फलस्वरूप ऐसे संवेदकों को उनकी सुरक्षित जमा राशि को जब्त करते हुए काली सूची में डालने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया तथा ऐसे संवेदको को भविष्य में नगर परिषद सम्पतचक के होने वाले किसी भी कार्य से वंचित रखने का निर्णय लिया गया. साथ ही संवेदक के रजिस्टर्ड पैतृक विभाग को भी काली सूची में डालने से संबंधित अनुरोध पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
