पटना, जया कुमारी : गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव सह जिला प्रभारी सचिव, नवादा, श्री के. सेंथिल कुमार, भा.प्र.से. ने बुधवार को नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड अंतर्गत मौजा मकनपुर में चीनी मिल स्थापना हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने संबंधित भूमि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एडीएम, एसडीएम, सहायक ईखायुक्त वेदव्रत कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विदित हो कि राज्य सरकार द्वारा बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू कराने के साथ-साथ 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर मौजा मेंयू लगभग 100 एकड़ उपयुक्त भूमि का चयन एवं चिन्हीकरण किया गया है।मकनपुर एवं इसके आसपास का क्षेत्र गन्ना खेती के लिए अत्यंत अनुकूल माना जाता है। यहां की उपजाऊ भूमि एवं सुदृढ़ सिंचाई व्यवस्था उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना उत्पादन के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करती है। साथ ही चयनित स्थल तकu बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होने से आवागमन भी सुगम रहेगा।क्षेत्र में वर्ष 1993 से बंद पड़ी चीनी मिल के पुनः संचालन एवं नई मिल की स्थापना की संभावना से स्थानीय किसानों में उत्साह का माहौल है। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने हेतु किसानों को जागरूक एवं प्रेरित किया जाए, ताकि प्रस्तावित मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती करें।
जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने बताया कि गन्ना विकास के लिए जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा वारिसलीगंज में शीघ्र ही गन्ना विकास से संबंधित एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। परियोजना को शीघ्र मूर्त रूप देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
