फुलवारीशरीफ, अजित। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फुलवारी शरीफ थाना से पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारी शरीफ सुशील कुमार के नेतृत्व में थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल ने शहर और आसपास के सभी प्रमुख इलाकों में गश्त की।
फ्लैग मार्च राष्ट्रीय गंज, चुनौती कुआं, महतवाना, सदर बाजार, गुलिस्तान मोहल्ला, कुरकुरी रोड मोड़, बहादुरपुर, हिंदूनी, गोनपुरा, धारावाहिक, बभनपुरा, दोपहर चक, भूसौला दानापुर, एम्स गोलंबर, वाल्मी, नया टोला, खगोल, सबजपुरा मोड़, फुलवारी ब्लॉक, भट्ठी मोड़, हारून नगर, सकेत बिहार, रानीपुर, करौड़ी चौक, बरहमपुर और अनीसाबाद सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा.
मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम लोगों, दुकानदारों और युवाओं से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने, शराब पीकर उत्पात मचाने या शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि पर्व के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्ती जारी रहेगी. थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन की सख्ती और सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है और लोगों में भरोसा जगा है कि होली का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा।
