फुलवारीशरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सपूत संजय कुमार सिन्हा के शहादत दिवस पर संपतचक प्रखंड अंतर्गत एकतापुरम, भोगीपुर स्थित छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स अपार्टमेंट परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अरुण मांझी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, युवाओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान “शहीद संजय कुमार सिन्हा अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा. उपस्थित लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूत को नमन किया।
बिहार विधानसभा में सचेतक मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा. उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुकेश कुमार, हरि जी, विजय कुमार सिंह, संजय पांडे उर्फ मोटा भाई, अभिषेक कुमार, मुकुल कुमार, मनु कुमार, सुरेश महतो, अभय कुमार वर्मा, संतोष पटेल, रविन्द्र चन्द्रवंशी, सोनू कुमार एवं संजय रविदास सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी और राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया तथा शहीदों के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया।
