फुलवारीशरीफ, अजित। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में वार्षिक खेल समारोह ‘एन्थूसिया-2026’ उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। “सेलिब्रेटिंग भारत” थीम पर आधारित इस आयोजन में खेल प्रतिभा के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन युद्ध कलाओं की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। विद्यालय के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समारोह को विशेष रूप से भव्य रूप दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभ्यानंद उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी आवश्यक है. खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है. उन्होंने बच्चों से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संदेश दिया. इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘विंग्स’ तथा अपनी पुस्तक ‘असीम’ का लोकार्पण भी किया।
समारोह की शुरुआत मशाल प्रज्ज्वलन और मार्च पास्ट से हुई. विद्यार्थियों ने कलारीपयट्टु, सिलंबम, गतका, स्काय और थांग-ता जैसी भारतीय युद्ध कलाओं की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि सीनियर वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर तथा चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ ने रोमांच बढ़ाया।
विद्यालय के निदेशक अनुपम सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को नहीं बढ़ाते बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना भी विकसित करते हैं. उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा को मन, शरीर और आत्मा के संतुलन के रूप में देखा जाता है और यह खेल समारोह उसी सोच का प्रतिबिंब है। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया. ‘वर्ष का श्रेष्ठ खिलाड़ी (बालक)’ का पुरस्कार पराजय समुई (वर्ग-9बी) को प्रदान किया गया, जबकि ‘वर्ष की श्रेष्ठ खिलाड़ी (बालिका)’ का सम्मान श्रीरंजन (वर्ग-8ए) को मिला. वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ हाउस’ का खिताब वेब राइडर्स हाउस ने 628 अंकों के साथ अपने नाम किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा और उपस्थित अभिभावकों व विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
