फुलवारीशरीफ, अजित। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनापुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार जमुनापुर गांव निवासी संजीत कुमार को 12 तारीख की रात सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा ग्राइंडर से काटकर खोला गया था. चोर घर में घुसकर सभी कमरों को खंगाल दिया और सामान को इधर-उधर बिखेर दिया। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से करीब चार लाख रुपए के गहने तथा नकद राशि चोरी कर ले गए. चोरी की घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. घर के सभी बक्से, आलमारी और सामान को तोड़फोड़ कर अस्त-व्यस्त कर दिया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इससे पहले भी इलाके में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. इस संबंध में थाना में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई या खुलासा नहीं हो पाया है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया. हालांकि जांच के दौरान डॉग स्क्वाड को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और रात में घर छोड़कर बाहर जाने में भी डर लग रहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
