अररिया, रंजीत ठाकुर। पैक्स निर्वाचन 2026 की तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में समन्वय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधकारी द्वारा निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में निर्वाचन सामग्री की खरीद एवं मतपत्रों की छपाई, कर्मियों की नियुक्ति व प्रशिक्षण, मतदान/मतगणना कर्मियों के मानदेय, वाहन एवं ईंधन व्यय, प्रशिक्षण स्थलों पर ध्वनि विस्तारक, अल्पाहार, फर्नीचर एवं चाय-पानी की व्यवस्था सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आवश्यक निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि जिले के कुल 05 प्रखंडों के 23 पैक्स में निर्वाचन होना सुनिश्चित है। इनमें नरपतगंज प्रखंड में 01, अररिया प्रखंड में 08, कुर्साकांटा में 04, फारबिसगंज में 06 तथा सिकटी प्रखंड में 04 पैक्स शामिल हैं।
बैठक में जिला मुख्य कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतदान सामग्री कोषांग, मतपेटिका एवं मत कोषांग, वाहन कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, प्रेषक कोषांग, हेल्पलाइन जिला नियंत्रण कक्ष एवं मीडिया कोषांग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित नोडल पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारी ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की संवीक्षा 24 एवं 27 जनवरी 2026 को निर्धारित है। अभ्यर्थिता वापसी एवं प्रतीक आवंटन 29 जनवरी 2026 को किया जाएगा। मतदान 06 फरवरी 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 4ः30 बजे तक सम्पन्न होगा। निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति 09 फरवरी 2026 को होगी।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व अररिया, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
