फुलवारीशरीफ, अजित। राजधानी पटना समेत आसपास के जिलों में गुरुवार की सुबह धूप के साथ हुई. सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज ठंड के बावजूद सूर्य की किरणें जमीन तक पहुंचती रहीं. दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होती गई, जिससे ठंडी हवाओं के बीच भी मौसम खुशनुमा बना रहा. सड़कों, पार्कों और खुले स्थानों पर लोग धूप का आनंद लेते नजर आए और ठंड से काफी हद तक राहत मिली. हालांकि बीच-बीच में चलती ठंडी हवाओं ने सुबह और शाम के समय हल्की ठिठुरन बनाए रखी.बिहार में ठंड का असर लगातार बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, पटना द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम शुष्क बना रहा और राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई. इस दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 20.9 से 26.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक अधिकतम तापमान किशनगंज में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बांका में सबसे कम अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस सबौर, भागलपुर में दर्ज किया गया. राज्य का न्यूनतम तापमान 5.9 से 12.5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. वहीं सुबह के समय कोहरे का भी असर देखा गया, जहां न्यूनतम दृश्यता 400 मीटर मोतिहारी, पूर्वी चंपारण में रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान अनेक जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है. अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, इसके बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल दिन में धूप लोगों को राहत देती रहेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहेगा, ऐसे में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड और बढ़ सकती है, जिससे सुबह के समय कोहरा और ठिठुरन का असर देखने को मिल सकता है।
