फारबिसगंज, (न्यूज़ क्राइम 24) कुसमाहा में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर फारबिसगंज अररिया जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के तत्वावधान में रविवार को फारबिसगंज प्रखंड के कुसमाहा पंचायत में एक भव्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष गुंजन पाण्डेय एवं सचिव रोहित कुमार श्रीवास्तव के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके मौलिक अधिकारों और कानूनी उपचारों के प्रति सचेत करना था।
शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता विमल कुमार सिंह ने बाल विवाह उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि यह न केवल एक सामाजिक बुराई है बल्कि कानूनन अपराध भी है। उन्होंने लोक अदालत के महत्व को समझाते हुए बताया कि कैसे ग्रामीण बिना किसी खर्च के अपने पुराने विवादों का निपटारा कर सकते हैं।इस अवसर पर मुखिया पूजा कुमारी और सरपंच सोनिया देवी ने पंचायत स्तर पर विधिक सहायता केंद्र की उपयोगिता बताई। मौके पर पी.एल.वी. उमेश कुमार ठाकुर, न्यायमित्र तरुण कुमार सिन्हा, कचहरी सचिव रोमा कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। शिविर में आधार ट्रैकिंग, सर्वे और सरकारी योजनाओं के समावेशन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
