अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड के भारत नेपाल सीमा से सटे एसएसबी 56 वीं वाहिनी पथरदेवा बीओपी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरत सिंह चौहान के नेतृत्व में जवानों ने शनिवार को तड़के सुबह 4 बजे के लगभग जिमराही गांव के पास बास की झाड़ी से दो सौ किलो गांजा के साथ एक तस्कर को भी धर दबोचा है।
बीओपी प्रभारी सूरत सिंह चौहान के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से सफेद बोरा में कुछ सामग्री लाकर भारतीय सीमा क्षेत्र में बास की झाड़ी में रख रहे हैं। जिसके बाद एसएसबी की पेट्रोलिंग पार्टी को जांच के लिए भेजा गया तो पाया कि बास की झाड़ी के बगल में पुआल के ढेर के पास कुछ छुपा कर रखा गया है तथा उसकी देखरेख एक व्यक्ति वहीं बैठकर कर रहा था। जब एसएसबी की पेट्रोलिंग पार्टी को देखा तो वे भागने लगे जिसे खदेड़कर पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ के बाद उन्होंने अपना नाम धर्मेंद्र कुमार दास पिता भरत दास बताया तथा अपना गांव जिमराही बताया ।
वहीं उन्होंने बताया कि सात पैकेट में गांजा है जो सफेद रंग की बोरी में पैक था। जबकि आगे पूछताछ के क्रम में बताया कि यह सारा गांजा साहेबगंज नेपाल निवासी अरविंद पासवान का है साथ ही इस काम में दो व्यक्ति और हैं जिनका नाम शिकंदर तथा आशीष बताया जो क्रमशः जिरोगवा और साहेबगंज नेपाल निवासी है। वहीं एसएसबी ने गांजा के अलावे मोबाइल,पेन ड्राइव, कुछ सदा फॉर्म आदि को मौके से जब्त किया जिसे जांच पड़ताल के बाद बथनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं इस छापेमारी अभियान में कैंप प्रभारी उप निरीक्षक सूरत सिंह चौहान के साथ एसएसबी के आधे दर्जन से अधिक जवान शामिल थे।
