जमुई, मो० अंजुम आलम। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने खदेड़कर गढ़वा कटौना के पास से शनिवार को 19 पेटी यानि 171 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है। साथ ही चालक को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार चालक की पहचान देवघर जिले के पछियारी कोठिया गांव निवासी सत्तन यादव के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। यह कार्रवाई विभाग के सचिव और समाहर्ता के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार, इंस्पेक्टर अश्विनीकुमार व अन्य उत्पाद विभाग की टीम द्वारा की गई है। जो उत्पाद विभाग के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अन्य तस्करों के बीच दहशत फैली हुई है।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि तेल के टैंकर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब ले जाने की सूचना पर पूरी टीम द्वारा वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सन्देहहास्पद स्थिति में एक बोलेरो वाहन उसी रास्ते से गुजर रही थी। जिसे रुकवाने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा। उसके बाद उसे खदेड़कर गढ़वा कटौना के पास पकड़ा गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो बोलेरो में रखा 19 पेटी यानी 171 लीटर विभिन्न ब्रांड का अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है। पूछताछ के क्रम में चालक ने झारखंड से जमुई इलाके में ही शराब ले जाने की बात कही है। फिलहाल चालक से पूछताछ की जा रही है।
