पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) हाजीगंज स्थित टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सत्यम सहाय (उप मंडल अधिकारी), नवीन चन्द्रा (संयुक्त निदेशक, गृह विभाग), अंजली राय (वार्ड पार्षद), अनुपम मंगलम (अतिरिक्त फिल्म निर्माता एवं निर्देशक) एवं लॉयन राजीव भार्गव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “वसुधैव कुटुंबकम” रही, जिसका अर्थ है—सारा विश्व एक परिवार। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इस विषय को जीवंत कर दिया। गणेश वंदना के साथ-साथ माता-पिता तथा दादा-दादी को समर्पित भावनात्मक गीत, नुक्कड़ नाटक, “जीना यहाँ मरना यहाँ”, “यह तो सच है कि भगवान है”, ओल्ड एज होम तथा संयुक्त परिवार की खूबियों को दर्शाने वाले नाटकों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. रवि भार्गव ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संयुक्त परिवार की महत्ता से अवगत कराना है। संयुक्त परिवार में मिल-जुलकर रहने से ही समाज और परिवार सुखी रह सकता है। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. जूली भार्गव ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त परिवार से भावनात्मक एवं आर्थिक सहयोग मिलता है, जहां प्रेम, सुरक्षा और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद, पम्मी, रश्मि, स्वाति, आफरीन, आकांक्षा, स्वीटी, सुनील, सुजीत, नूर, पल्लवी, कुमकुम, ईशिका, प्राचिका, तान्या, रिया, मधुवाला एवं दिव्या का सराहनीय योगदान रहा।
