फुलवारीशरीफ, अजित। सोमवार देर शाम. पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर ग्रिड के बगल जुझारपुर गांव में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा जमीन विवाद अचानक हिंसक हो गया. विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह के रूप में की गई है. वहीं, गोली चलाने का आरोप संजीव कुमार पर लगा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुझारपुर गांव के एक टोला में एक व्यक्ति द्वारा मकान निर्माण का कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और जमीन पर कब्जे को लेकर विरोध करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया. फायरिंग के दौरान विनोद सिंह को गोली लग गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मकान निर्माण में लगे मजदूर और राजमिस्त्री जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए. घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों और परिजनों ने भय के माहौल में घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए संपतचक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना अध्यक्ष रवि कुमार, जो फिलहाल प्रभारी थाना अध्यक्ष हैं, दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके साथ ही एसडीपीओ-2 रंजन कुमार भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए. पुलिस ने बताया कि जुझारपुर गांव में मकान निर्माण के दौरान गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें विनोद सिंह घायल हुए हैं. गोली चलाने वाले आरोपी संजीव कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
