जमुई, मो० अंजुम आलम। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात नियम का पालन करवाने के लिए अचानक डीएम आवास के सामने एसपी विश्वजीत दयाल शनिवार की शाम सड़क पर उतर आए। इस दौरान यातायात नियम का उलंघन करने वाले बाइक चालकों पर सख्ती बरती गई। साथ ही बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग बाइक चालकों को जुर्माना लगाया गया और आइंदा यातायात नियम का पालन करने को लेकर संख्त हिदायत दी गई। एसपी विश्वजीत दयाल खुद बाइक की जांच करते दिखे और जवानों द्वारा बारी- बारी से सभी बाइक का डिक्की खोलवाकर तालाशी ली गई। गाड़ी के कागजात, ड्राईविंग लाइसेंस सहित अन्य संबंधित कागजातों की जांच भी की गई और नियम के विरुद्ध चालकों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
वहीं एसपी विश्वजीत दयाल के सड़क पर उतरे होने के बाद यातायात नियम का उलंघन करने वाले बाइक चालकों के बीच हड़कंप मचा रहा। डर से बाइक चालक इधर- उधर भागते दिखे। हालांकि जुर्माना के साथ बाइक सवार को हेलमेट लगाने और यातायात नियम का पालन करने को लेकर जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर एसपी ने मौजूद पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर अनुशासन बनाए रखना जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। ऐसे में आम लोगों की जान की सुरक्षा के लिए सख़्ती ज़रूरी है। एसपी ने यह भी कहा कि वाहन चेकिंग का उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करें और अपने वाहन के सभी कागजात साथ रखें। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
