बिहार

फुलवारीशरीफ में पेंटर की ईंट से सर कुचल कर हत्या!

फुलवारीशरीफ, अजित। टमटम पड़ाव स्थित मखदूम साहब के मजार के सामने पानी भरे गड्ढे के पास मंगलवार देर रात 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बीबी गंज, जहानाबाद निवासी महताब आलम के रूप में हुई है, जो पेंटर का काम करता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, महताब का ननिहाल फुलवारी शरीफ के कचहरी मोहल्ला में है, जहां वह लंबे समय तक परिवार के साथ रहता था. करीब दो साल पहले अचानक उसके परिवार ने फुलवारी वाला घर बेच दिया था और जहानाबाद शिफ्ट हो गया था. बुधवार सुबह महताब का शव पानी भरे गड्ढे के किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला. पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

महताब मंगलवार शाम अपनी मां के साथ इलाज कराने के लिए मखदूम साहब के मजार आया था. इलाज के बाद उसने मां से कहा कि वह कुछ देर यहीं रुकेगा और उन्हें घर जाने को कहा. मां थोड़ी देर बाद लौटी तो वह वहां नहीं मिला. रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

बुधवार सुबह गड्ढे के पास उसका लहूलुहान शव मिला. उसके सिर को ईंट से बुरी तरह कुचल दिया गया था और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे. हत्या के बाद शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया था. घटनास्थल से पुलिस को एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जांच में यह जानकारी सामने आई कि देर रात महताब मजार के आसपास टहल रहा था. आशंका है कि उसी दौरान कुछ युवकों ने उसे दबोच लिया और कब्रिस्तान के भीतर ले जाकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद मौके पर डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची. खोजी कुत्ते ने बरामद चप्पल को सूंघते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक का रास्ता तय किया. हालांकि वहां से क्या मिला, इस बारे में पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी नीरज कुमार झा ने बताया कि पुलिस अधिकारी खोजी कुत्ते के साथ केंद्र पहुंचे थे और चारों ओर जांच की गई. पुलिस को पिछले 24 घंटे की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी गई है।

सीटीएसपी पश्चिम ममता कल्याणी ने बताया कि फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को देर रात शव मिलने की सूचना मिली थी. घटनास्थल से ईंट-पत्थर के कई साक्ष्य मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि युवक की हत्या इन्हीं वस्तुओं से सिर कुचलकर की गई है. एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।

थानाध्यक्ष फुलवारी शरीफ गुलाम शहबाज आलम ने बताया कि हत्यारों की तलाश तेज कर दी गई है. आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि दो साल पहले जब महताब फुलवारी में रहता था, तब उसके किसी से विवाद, रंजिश या झगड़े की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है. सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Related posts

पीएम सूर्य घर योजना : शेखपुरा में 404 आवेदन प्राप्त, डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का दिया निर्देश

नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा की आग, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

सांसद रविशंकर प्रसाद ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

error: