फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. थाना क्षेत्र के कुख्यात पुराने नशा सौदागर और सक्रिय विक्रेता सौरभ कुमार को पुलिस ने 50 पुड़िया स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई से इलाके में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि उत्तरी संगत स्थित अन्य टोली गली के पास नशे का अवैध सौदा होने वाला है. सूचना की पुष्टि के बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया, जहां से सौरभ कुमार को दबोच लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 50 पुड़िया स्मैक बरामद की गई।
फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि “गुप्त सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार को पकड़ा गया है. उसके पास से 50 पुड़िया स्मैक बरामद हुई है. यह व्यक्ति काफी समय से नशे की बिक्री में सक्रिय था और उस पर पहले भी निगरानी रखी जा रही थी।
थाना अध्यक्ष ने यह भी बताया कि नशे के खिलाफ फुलवारी शरीफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और किसी भी हालत में नशा कारोबार को बढ़ने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की पुड़िया कहाँ से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था. मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
