फुलवारीशरीफ, अजित। भारतीय लोकहित पार्टी (बीएलपी) की आवश्यक सह विशेष बैठक रविवार को पटना के संपतचक मानपुर बैरिया स्थित प्रेम लोक मिशन स्कूल में आयोजित की गई जिसमें 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया और भ्रष्टाचार, अपराध मुक्त हरित बिहार व हरित भारत निर्माण का संकल्प लिया. बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रख्यात शिक्षाविद सह पर्यावरणविद गुरुदेव श्री प्रेम ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रेमनाथ प्रसाद (गुरुदेव श्री प्रेम) को राष्ट्रीय अध्यक्ष, अरुण कुमार साह को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव तथा मृत्युंजय कुमार को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में पुनः समर्थन दिया गया. भारतीय लोकहित पार्टी के संविधान को पुनः सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाए गए बिंदुओं के अनुसार आवश्यक दस्तावेज एवं शपथ पत्र आयोग को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर पारित संकल्प पत्र में भ्रष्टाचार पर अंकुश, न्याय व्यवस्था में सुधार, पत्रकारों को मासिक भत्ता, महिलाओं के लिए न्यूनतम पेंशन, युवाओं के लिए रोजगार, ट्रांसजेंडर विश्वविद्यालय की स्थापना, निशुल्क बिजली, शिक्षा सुधार तथा खेल-कूद के प्रोत्साहन जैसी कई मांगें शामिल की गईं. गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि बीएलपी की लड़ाई सत्य और असत्य, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के बीच है।
