फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को महागठबंधन समर्थित भाकपा (माले) प्रत्याशी गोपाल रविदास ने व्यापक चुनावी दौरा किया. उन्होंने हल्लूकपुर, बिशनपुरा पकड़ी, इतवारपुर, आदित्यपुरी लालू पथ, यादवचक, कुर्थौल, चंदाचक, दरियापुर और परशुराम सहित कई गांवों का भ्रमण किया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
गोपाल रविदास ने जनसंपर्क के दौरान अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियाँ और क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी जनता के समक्ष रखी. उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनना अब तय है. तेजस्वी प्रसाद यादव ने जो वादे किए, उन्हें पूरा किया. उनके नेतृत्व में बिहार की जनता को रोजगार और विकास का नया रास्ता मिला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए की नीतीश सरकार ने महागठबंधन के किए गए कार्यों और योजनाओं का श्रेय अपने नाम पर लेने की कोशिश की है. जनता अब सब समझ चुकी है और इस बार निर्णायक बदलाव का मन बना चुकी है. उन्होंने कहा कि इस बार तेजस्वी प्रसाद यादव क़ो मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। गोपाल रविदास ने कहा कि देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन चुका है. बिहार की जनता भाजपा और एनडीए को जवाब देगी तथा महागठबंधन की सरकार बनाकर ‘इंडिया’ गठबंधन को सशक्त करेगी।
