नालंदा, राकेश : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहारशरीफ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब अगर 100 बख्तियार खिलजी भी आ जाएं, तो नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण कराकर नालंदा की विरासत को फिर से गौरव दिलाया है।
अमित शाह श्रम कल्याण केंद्र के मैदान में नालंदा जिले की पांच विधानसभा सीटों बिहारशरीफ से डॉ. सुनील कुमार, अस्थावां से जितेंद्र कुमार, नालंदा से श्रवण कुमार, हरनौत से हरिनारायण सिंह और राजगीर से कौशल किशोर के लिए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगने पहुंचे थे।
जंगलराज में 6 चरण में होते थे चुनाव, अब एक चरण में होंगे
लालू-राबड़ी के शासनकाल पर करारा प्रहार करते हुए शाह ने कहा, “लालू-राबड़ी के जमाने में बिहार में कानून-व्यवस्था इतनी गिर गई थी कि चुनाव छह-छह चरणों में कराने पड़ते थे। नीतीश बाबू और मोदी जी के शासन में यह दो चरण में हो रहा है। इस बार एनडीए सरकार बना दीजिए, अगली बार एक ही चरण में चुनाव होगा।” उन्होंने कहा कि 20 साल में नीतीश कुमार ने बिहार को एक अच्छा प्रदेश बनाया है और मोदी जी के नेतृत्व में पूरा बिहार नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
“हमने अपहरण की इंडस्ट्री बंद की, वे घोटाले करते थे”
जंगलराज को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा, उस समय बिहार में सिर्फ एक ही उद्योग चलता था डकैती, खून, फिरौती और अपहरण का। हमने किडनैपिंग की इंडस्ट्री बंद की और बरौनी, मोकामा जैसे बंद पड़े उद्योगों को वापस लाने का काम कर रहे हैं।” उन्होंने लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे केंद्र में मंत्री थे, तो उन्होंने चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब्स घोटाला और अलकतरा घोटाला जैसे कई घोटाले किए।
विकास भी, विरासत भी गिनाईं उपलब्धियां
एनडीए सरकार के ‘विकास भी, विरासत भी’ के नारे को दोहराते हुए शाह ने कहा कि अयोध्या में 550 साल बाद राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर से धारा 370 को हटाना और तीन तलाक को खत्म करना मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। उन्होंने बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा का नया युग शुरू करने, एग्रो-प्रोसेसिंग इंडस्ट्री लगाने और नालंदा में हुए विकास कार्यों जैसे—फोर-लेन हाईवे, रेलवे ओवरब्रिज, स्मार्ट सिटी, उद्यान महाविद्यालय, जू-सफारी, ग्लास ब्रिज और पुलिस ट्रेनिंग अकादमी—का भी जिक्र किया।
“परिवारवादी आपकी चिंता नहीं कर सकते”
अंत में उन्होंने लालू और सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, “लालू जी अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को देश का प्रधानमंत्री। जो अपने बेटे-बेटियों की चिंता करते हैं, वे आपकी चिंता नहीं कर सकते।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे एक और पांच साल का आशीर्वाद दें, ताकि बिहार को ‘विकसित बिहार’ बनाया जा सके।
