फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के ढीबड़ा पंचायत अंतर्गत खडिहा गांव में महादलित समाज के कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ढीबड़ा पंचायत के मुखिया सौरभ मांझी ने की, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक एवं जदयू के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी अरुण मांझी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
सभा को संबोधित करते हुए अरुण मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियां बाबा साहब अंबेडकर के सिद्धांतों का व्यावहारिक रूप हैं। उन्होंने कहा कि “अगर दिल में अंबेडकर हैं तो हाथ में नीतीश कुमार का झंडा है और रहेगा.” उन्होंने कहा कि जिस तरह मुसहर और महादलित समाज ने जंगलराज के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह सम्मान, शिक्षा, रोजगार और बराबरी की लड़ाई थी। अरुण मांझी ने नीतीश कुमार को अंबेडकरवादी सोच का सच्चा वाहक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
सभा में मौजूद सैकड़ों महादलित कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में फुलवारी विधानसभा क्षेत्र से मांझी समाज को टिकट देने की मांग की। सभा में जोरदार नारा गूंजा — “नीतीश कुमार से लेंगे, प्यार से लेंगे और अधिकार से लेंगे!” वक्ताओं ने कहा कि फुलवारी विधानसभा क्षेत्र में मांझी समाज की निर्णायक जनसंख्या और सामाजिक प्रभाव को अब राजनीतिक भागीदारी में बदलने का समय आ गया है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुमित कुमार, अनूप पांडे, रंजीत पटेल, मोनू कुमार, अशोक मांझी, अजय कुमार मांझी, श्रीकांत मांझी, धर्मेंद्र मांझी, गुड्डू रजक, रॉबिन मांझी, नवमी मांझी, मनीष मांझी, मिथुन मांझी, लड्डू मांझी, गणेश मांझी, रवि मांझी, राहुल मांझी, जागेश्वर राम, जुगनू मांझी, राजेंद्र चौधरी, विजय पासवान, गोरख रविदास, सकलदेव बिंद, चंद्रदीप बिंद, रामकृष्ण रविदास सहित बड़ी संख्या में दलित और महादलित समाज के महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा का समापन एकजुटता और राजनीतिक संकल्प के साथ हुआ। महादलित समाज के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में वे संगठित होकर जनता दल यूनाइटेड और एनडीए गठबंधन को समर्थन देंगे, ताकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास और समानता की नीति को आगे बढ़ाया जा सके।
