फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना एम्स के नजदीक भुसौला दानापुर में 28 और 29 अगस्त 2025 की करीब अर्द्धरात्रि में फुलवारी थाना पुलिस ने भुसौला दानापुर पोखरा पर तालाब के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार बरामद की है, जिसका नंबर BR 10 AM 5123 है और जिस पर NHI का स्टीकर लगा हुआ था।
थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम के अनुसार, स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी हुई थी, जिसमें विभिन्न ब्रांड के लगभग 63 कार्टून शामिल थे, जो कुल मिलाकर करीब 500 लीटर के आसपास थे. शराब की इस खेप को माफिया द्वारा पूरी तरह ढककर रखा गया था ताकि किसी की नजर न पड़े। दरअसल,मध् निषेध विभाग से गुप्त सूचना मिलने के बाद फुलवारी थाना पुलिस ने छापेमारी की और स्कॉर्पियो को जब्त किया. पुलिस ने बताया कि शराब माफिया द्वारा शराब को तिरपाल से ढककर रखा गया था और इसे किसी को दिखने से बचाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने इस कार्रवाई में केवल शराब और वाहन को जब्त किया है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब इस इलाके में किसने और कैसे रखी थी, और कौन इसके वितरण में शामिल था। फुलवारी थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई से शराब तस्करी पर शिकंजा कसा गया है और संबंधित अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है. स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले में निगरानी बढ़ा दी है।
