अररिया, रंजीत ठाकुर। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के क्रम में बुधवार को राजेश कुमार, भा०प्र०से० आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल, पूर्णिया सह-निर्वाचक सूची प्रेक्षक द्वारा जिला का प्रथम भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम समाहरणालय स्थित परमान सभागार, अररिया में माननीय सांसद, विधायकगण एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिला अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधि के साथ बैठक की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, अररिया अनिल कुमार भी उपस्थित थे।
उक्त बैठक में सभी उपस्थित राजनैतक दलों के प्रतिनिधियों से एक-एक कर आवश्यक सुझाव प्राप्त किये गये तथा सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिये गये।
बैठक में 46-नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र, 47-रानीगंज विधानसभा क्षेत्र, 48-फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र, 49-अररिया विधानसभा क्षेत्र, 50-जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र एवं 51-सिकटी विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत विषेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किये जा रहे कार्यो की समीक्षा की गई। साथ ही आयुक्त महोदय ने निर्वाचन विभागीय निदेश के आलोक में सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर प्रकाशित Absent, Shifted एवं Death मतदाताओं की सूची की भी समीक्षा की गयी तथा निर्देश दिया गया कि उक्त A/S/D मतदाताओं की सूची ऐसे विनिर्दिष्ट स्थलों पर प्रकाशित रहे, जहॉं मतदाताओं को सुगम हो।
उन्होंने सभी बीएलओ और बीएलओ-सुपरवाइजर को अपने पास सटीक एवं अद्यतन डाटा रखने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि महादलित टोला का अलग-अलग डाटा तैयार कर सुरक्षित रखा जाय। बीएलओ को विशेष रूप से सावधान करते हुए बताया गया कि नाम, फोटो और सत्यापन से संबंधित आवश्यक कागजात को सही-सही दर्ज किया जाय, ताकि फाइनल सूची में किसी प्रकार की गलती न रह जाय तथा A/S/D मतदाताओं का पुनः सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त महोदय ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचन सूची में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी/कर्मी पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम में किसी भी प्रकार का बदलाव केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जायेगा और गलत प्रविष्टियों को सुधारने के लिए प्रपत्र-8 भरवाना अनिवार्य है।
बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के फॉर्म का रैंडम परीक्षण के क्रम में कुछेक त्रुटियों की जांच कर सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि बीएलओ और सुपरवाइजर मिलकर प्रारूप सूची की जाँच करें और किसी भी परिवर्तन के लिए सभी विवरणों की प्रूफ रीडिंग अवश्य करें तथा सभी रिकार्ड को ध्यानपूर्वक दर्ज किया जाय। आयुक्त महोदय ने अंत में कहा कि निर्वाचन कार्य एक गंभीर एवं संवेदनशील दायित्व है, इसलिए प्रत्येक बीएलओ और सुपरवाइजर को ईमानदारी और सजगता के साथ काम करना होगा।
बैठक एवं समीक्षा के क्रम में पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार, वरीय प्रभारी निर्वाचन अजय कुमार ठाकुर, अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, उप विकास आयुक्त श्रीमती रोजी कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ0 राम बाबु कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, भूमि सुधार उपसमाहर्ता अररिया एवं फारबिसगंज सहित विधायक के प्रतिनिधि, सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों जिलाध्यक्ष/ सचिव/प्रतिनिधि एवं सभी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ बी०एल०ओ० पर्यवेक्षक/बी०एल०ओ० उपस्थित थे।
