पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम), पटना भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पटना पुलिस ने लगातार दो बड़ी सफलताएं अर्जित की हैं। फुलवारीशरीफ और जानीपुर थाना क्षेत्र में हुई आपराधिक घटनाओं के महज कुछ घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है।
फुलवारीशरीफ में लूट और रंगदारी कांड का खुलासा-
23 जून को फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के खानकाह मोड़ के पास एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की घटना हुई थी तथा मोबाइल पर रंगदारी की मांग की गई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया। जांच के बाद कांड में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि अभियुक्त एप के माध्यम से लोगों को जाल में फंसा कर उनसे लूट और रंगदारी की मांग करते थे। गिरफ्तारी के संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम), श्री भानु प्रताप सिंह ने मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।
जानीपुर में फायरिंग की घटना में 12 घंटे के भीतर गिरफ्तारी-
वहीं दूसरी ओर 8 जुलाई की रात्रि लगभग 9 बजे जानीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पसही में गोलीबारी की एक गंभीर घटना घटित हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए फायरिंग की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देशी पिस्टल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
