अररिया, रंजीत ठाकुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष,सचिव,प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई। बताया गया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी,बिहार पटना के निदेशानुसार सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक आहूत की गई है जिसमें निर्वाचन विभाग कार्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को आगामी विधान सभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी के क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्वाचन विभाग स्तर से की जाने वाली कार्रवाई आदि से अवगत कराते हुए प्रमुख निर्देश से संबंधित विभागीय पत्र की प्रति उपलब्ध कराई गई।
इस क्रम में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के क्रम में पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों यथा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण हेतु नए भवनों की पहचान आदि की कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत निर्वाचकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1200 निर्वाचकों के मानक के आधार पर मतदान केंद्र का गठन प्रावधानों के अंतर्गत किया जाना है। बताया गया कि यदि किसी मतदान केंद्र के बदलाव आदि में कोई आपत्ति है तो जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा संबधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को अवगत कराया जाय,ताकि समय रहते इसकी जांच कराकर आपत्ति निष्पादन किया जा सके।
इस क्रम में निर्वाचक सूची में पंजीकृत मतदाताओं,प्राप्त प्रपत्रों के निष्पादन,दावा आपत्ति की जानकारी दी गई। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को बीएलओ की नियुक्ति हेतु अनुरोध किया गया तथा उनसे बीएलओ के फोटो एवं मोबाइल नंबर आदि से संबंधित विभागीय दिशा निर्देश का अनुपालन किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को मंथली पुलिंग डाटा अपलोड रहने संबंधी जानकारी दी गई। मतदान प्रतिशत बढ़ोत्तरी के प्रयास हेतु किए जा रहे कार्यो तथा इसके साथ हीं सभी मतदान केंद्रों पर अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंच पथ आदि के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। वहीं विभागीय दिशा निर्देश के आलोक में ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार द्वारा किया गया। बताया गया कि आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के लिए हाल हीं में संपादित ईवीएम एफएलसी ओके मशीनों को भंडारित रखा गया है। इस क्रम में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं पुलिस उपाधीक्षक,उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर राम बाबू कुमार सहित संबंधित सभी पदाधिकारी मौजूद थे।
