पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) 18 जून 2025 देश की सबसे बड़ी निजी सुरक्षा एजेंसी एसआईएस ग्रुप एंटरप्राइजेज ने विजन 2030 की घोषणा की है। बुधवार को पटना में कंपनी के प्रधान कार्यालय में विजन 2030 को सफल बनाने के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कंपनी की महाप्रबंधक(प्रशासन) रत्ना सिन्हा और महाप्रबंधक (मानव संसाधन विभाग) नीरज कुमार वर्मा, निदेशक अशोक प्रसाद के साथ कंपनी कई बड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसआईएस ग्रुप इंटरप्राइजेज के प्रेसिडेंट हिरण्य मोहंती ने कहा कि भारत जैसे विशाल देश में जहां बड़ी आबादी रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रही है, ऐसे नौजवानों को कंपनी ना केवल रोजगार मुहैया कराएगी बल्कि उनकी योग्यता,कार्यक्षमता का सही उपयोग कर नए भारत के निर्माण करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि निधारित समय के भीतर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर कर्मचारी को कड़ी मेहनत करनी होगी। हिरण्य मोहंती ने एसआईएस ग्रुप इंटरप्राइजेज के विजन 2030 के लक्ष्यों की चर्चा करते हुए कहा कि कंपनी ने अगले पांच वर्षों में पांच लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। गौरतलब है कि मौजूदा समय में एसआईएस ग्रुप में 3 लाख से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत है। इस संख्या को 5 लाख तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कंपनी ने देश में अपने ट्रेनिंग सेन्टर का ज्यादा से ज्यादा विस्तार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ट्रेनिंग सेन्टरों के विस्तार से नए कर्मचारियों को दक्ष और कुशल बनाया जाएगा साथ ही भारी संख्या में रोजगार के अवसर तैयार किए जाने का लक्ष्य है।
कार्यशाला में कंपनी के वरीय सहयोगी अनिल कुमार को 35 वर्षों एवं अंजनी कुमार को 25 वर्षों के उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि एसआईएस ग्रुप इंटरप्राइजेज देश ही नहीं एशिया की सबसे बड़ी निजी सुरक्षा एजेंसी है इसके साथ ही कंपनी, सुविधा प्रबंधन और नकदी रसद क्षेत्रों में एशिया प्रशांत क्षेत्र में बाजार की अग्रणी कंपनियों में से एक है। बताते चले कि वर्ष 1974 में दो सदस्यीय कंपनी के रूप में परिचालन शुरू किया और आज यह कंपनी उत्तरोत्तर विकास के मार्ग पर अग्रसर है। वर्तमान में एसआईएस ग्रुप इंटरप्राइजेज 28 भारतीय राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूद है इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और सिंगापुर जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी प्रवेश कर चुका है।
इस अवसर पर विकाश रंजन, प्रमोद कुमार वर्मा, आर एन सहाय, शिशिर मिश्रा, अतिकांक्षा, सतीश कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार, राजीव रंजन, मनीष किशोर, मधुरेंद्र कुमार सिन्हा, प्रियंका हंडे, अंजू कुमारी, स्मृति किरण, रेखा कुमारी सिन्हा, तृप्ति कुमारी, अजय कुमार, सुनील कुमार, महेश प्रसाद, महेंद्र प्रसाद चौहान, दिव्याश्री एवं अनेकों वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे
