बिहार

बकरीद पर्व को लेकर 481 स्थानों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जिला दण्डाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री अवकाश कुमार द्वारा ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व, 2025 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारीद्वय ने कहा कि विधि-व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करेंगे। डीएम व एसएसपी ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखें। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को क्रियाशील रखें तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करें।

विदित हो कि इस वर्ष ईद-उल-जोहा (बकरीद) का त्योहार दिनांक 7 जून, 2025 को मनाया जाना है।

जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बकरीद त्योहार के अवसर पर गाँधी मैदान, पटना में नमाज अदा की जाती है जिसमें काफी संख्या में लोग भाग लेते हैं। नमाजियों का आगमन गेट नं. 5, 6, 7, 8, 9 एवं 10 से होगा। वाहन के साथ आने वाले नमाज़ी अपने वाहनों के साथ गेट नं. 5 एवं 10 से प्रवेश करेंगे।

जिलाधिकारी के निदेश पर गाँधी मैदान में साफ-सफाई, पार्किंग, विधि-व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्था की गई हैः

  • कार्यपालक पदाधिकारी, पटना नगर निगम, नूतन राजधानी अंचल, पटना द्वारा गाँधी मैदान की समुचित सफाई सुनिश्चित की गई है। साथ ही उन्हें निदेश दिया गया है कि गाँधी मैदान में 4-5 सक्शन मशीन की व्यवस्था रखेंगे ताकि नमाज स्थल अथवा गाँधी मैदान के अन्य हिस्सों में जल-जमाव होने की स्थिति में जल निकासी की जा सके।
  • कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, यांत्रिकी द्वारा गाँधी मैदान में प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर/वाटर एटीएम का प्रबंध करते हुए जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था की गई है।
  • पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करते हुए यातायात प्रबंधन हेतु आवश्यक व्यवस्था की गई है।
  • भवन कार्यपालक अभियंता द्वारा बैरिकेडिंग एवं गड्ढों को भरना, समतलीकरण किया जाना सुनिश्चित की गई है।
  • गांधी मैदान में अधिष्ठापित सभी सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में रहेगा। अस्थायी थाना भी क्रियाशील रहेगा।
  • ईद-उल-जोहा (बकरीद) के नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु सिविल सर्जन द्वारा गाँधी मैदान में डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस प्रतिनियुक्त किया गया है।
  • जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना को निर्देशित किया गया है कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) की नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु गाँधी मैदान में फायर दस्ता तैनात रखेंगे।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ईद-उल-जोहा (बकरीद) के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। विधि-व्यवस्था के मद्देनजर जिले में 481 (चार सौ एकासी) स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ सशस्त्र बल तथा लाठी बल को भी लगाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अत्याधिक सतर्कता बरती जाएगी। पटना सदर अनुमंडल में 85 स्थानों, पटना सिटी अनुमंडल में 155 स्थानों, दानापुर अनुमंडल में 80 स्थानों, बाढ़ अनुमंडल में 60 स्थानों, मसौढ़ी अनुमंडल में 39 स्थानों तथा पालीगंज अनुमंडल में 62 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय पहुँचकर कार्यक्रम के शांतिपूर्ण ढंग से समाप्ति तक मुस्तैद रहेंगे।

जिला नियंत्रण कक्ष में दो पालियों में 16 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना सिटी नियंत्रण कक्ष में 12 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, दानापुर अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 6 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, बाढ़ अनुमंडल में 3 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, मसौढ़ी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 18 सुरक्षित दण्डाधिकारियों तथा पालीगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 5 सुरक्षित दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

Advertisements
Ad 1

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतेंगे, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करेंगे तथा विधि-व्यवस्था का समुचित संधारण सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता, निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। भारतीय नागरिक संहिता/भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके द्वारा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी।

आवश्यकतानुसार किसी भी व्यक्ति द्वारा 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या 0612-2219810/2219234, डायल 112 तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष, पटना से भी दूरभाष सं.9470001389 पुलिस हेल्प लाईन पर सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/थानाध्यक्ष/सीओ/एसडीओ/एसडीपीओ की विशेष जिम्मेवारी है। थानाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को आसूचना तंत्र को सुदृढ़ कर विधि-व्यवस्था संधारण को सफल बनाने का निदेश दिया गया है। थानाध्यक्ष अपने-अपने इलाके में विधि-व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी हैं। एसडीओ एवं एसडीपीओ अपने-अपने संबंधित थाना क्षेत्र में पर्व के दरम्यान 24 घंटे गश्ती सुनिश्चित करेंगे।

सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के पूर्ण प्रभार में रहेंगे।

श्रीमती स्वीटी सहरावत, नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य पटना, श्री के. रामदास, नगर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी पटना, श्री सरथ आर.एस., नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सम्पूर्ण वरीय प्रभार में रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में विधि व्यवस्था संधारण हेतु श्री विक्रम सिहाग, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण वरीय प्रभार में रहेंगे। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ईद-उल-जोहा शांति एवं सौहार्द्र का पर्व है। इससे आपसी भाईचारा का मार्ग प्रशस्त होता है। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को तन्मयता से कर्तव्य-निर्वहन करने का निदेश दिया है।

Related posts

28 लीटर देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार!

राजीव नगर में निजी भूखंड पर निर्माण रोकने का आरोप, अलका देवी ने डिप्टी सीएम से की जांच की मांग

इमलीतल फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी रोहन कुमार गिरफ्तार, तीन देशी कट्टा व छह कारतूस बरामद!

error: