अररिया, रंजीत ठाकुर विश्व टीबी दिवस के मौके पर जिले में जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से जागरूकता रैली निकाली गई। टीबी संबंधी जांच, समय पर उपचार व जिले में टीबी के इलाज को लेकर उपलब्ध सुविधाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। सदर अस्पताल स्थित जिला यक्ष्मा केंद्र में विश्व टीबी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम की विधिवत उद्घाटन सीडीओ डॉ मोइज ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा शहर में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को सीडीओ डॉ मोइज, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ धीरज कुमार, जिला टीबी व एड्स समन्वयक दामोदर शर्मा, डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह, डीपीसी राकेश कुमार, डीसीएम सौरव कुमार सहित उपस्थित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिये रवाना किया। जागरूकता रैली जिला यक्ष्मा केंद्र से निकल कर चांदनी चौक, समाहरणालय, नगर थाना सहित अन्य मार्गों से होते हुए पुनः सदर अस्पताल पहुंच कर खत्म हुआ। रैली के पश्चात टीबी रोग व इसका उपचार विषय पर सदर अस्पताल परिसर में विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
समुचित इलाज से टीबी से स्थाई निजात पाना संभव
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सीडीओ डॉ मोइज ने कहा कि समुचित इलाज से टीबी को आसानी से मात दिया जा सकता है। इसके लिये समय पर रोग की पहचान व नियमित दवा का सेवन जरूरी है। टीबी मरीजों के लिये उचित पोषाहार का सेवन विशेष रूप से जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी की जांच व उपचार से जुड़ी तमाम सुविधाएं जिले में उपलब्ध है। टीबी की वजह से लोगों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। इससे व्यक्ति की तरक्की व विकास बाधित होता है। इस कारण परिवार, समाज व देश का विकास बाधित होता है। उन्होंने कहा कि परिवार व समाज की तरक्की व खुशहाली के लिये टीबी मुक्त भारत अभियान में सामूहिक भागीदारी निभाते हुए देश को पूरी तरह टीबी मुक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिले में फिलहाल 2873 टीबी मरीज इलाजरत
जिला टीबी व एड्स समन्वयक व निक्षय मित्र योजना के जिला समन्वयक दामोदर शर्मा ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिये विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर जरूरी प्रयास किया जा रहा है। संभावित मरीजों की खोज के लिये जिले में नियमित अंतराल पर सघन रोगी खोज अभियान संचालित किया जा रहा है। टीबी मुक्त पंचायत निर्माण को लेकर जिले के जरूरी कवायद की जा रहा है। फिलहाल जिले के चिन्हित चार पंचायत सिकटी प्रखंड अंतर्गत बेंगा, नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत अचरा व पिठौरा व रानीगंज के मोहिनी पंचायत बहुत जल्द टीबी मुक्त पंचायत बनने की राह पर हैं। उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 2873 टीबी मरीज इलाजरत हैं। समुचित उपचार के साथ साथ उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
