पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस वाक्य पर कभी प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता है कि किसी भी व्यक्ति की सफलता के पीछे एक नारी की ताकत होती है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि 1975 से हम सभी प्रत्येक आठ मार्च को महिला दिवस मनाते हैं। आज का दिन नारी के अंदर विश्वास, खुशी और अपने सपनों को साकार करने का उत्सव मनाने का दिन है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि नारी नारायणी भी है तो रणचंडी भी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आधी आबादी की सहभागिता की चिंता समाज को करना आवश्यक है। जब भी महिलाओं को मौका मिला, दुनियाभर में ही नहीं, इससे आगे भी परचम लहराने का काम किया। सही अर्थों में उन्हें रोक पाने की शक्ति किसी में नहीं है। महिलाएं अगर भविष्य गढ़ती हैं तो हर चुनौती को स्वीकार भी करती हैं। राजनीति में हम सभी की यह जिम्मेदारी है कि आधी आबादी की सहभागिता बढ़े।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं को भरोसा देते हुए कहा कि सरकार और संगठन में आधी आबादी की सहभागिता बढ़ाई जाएगी। इसकी शुरुआत तो कहीं न कहीं से करनी होगी। उन्होंने रोगी कल्याण समिति और 20 सूत्री समिति में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने की बात कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को आरक्षण देकर राजनीति में हिस्सेदारी की शुरुआत कर दी है, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यपालिका में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ा दी है।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज गौरव का दिन है। पूरे दुनिया में आज अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जा रहा है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार महिलाएं आगे की ओर बढ़ रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह महिलाओं को आगे लाने का काम किया जा रहा है, वह ऐतिहासिक है।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि आज कई लोग कहते हैं हमारा सपना है, हमारे पिताजी का सपना था, मेरे पति का सपना था, लेकिन उस सपने को साकार यदि किसी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर किया, तो वह नरेंद्र मोदी की सरकार है।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी महिलाएं ही उठाती रही हैं। बिहार की धरती को मातृशक्ति की धरती बताते हुए कहा कि जब तक आधी आबादी जागेगी नहीं, तब तक पूरा अधिकार नहीं मिलेगा। महिलाओं का सम्मान और उसका उत्थान हमारी प्राथमिकता है और यही भाजपा को अन्य दलों से अलग करता है।
उन्होंने कहा कि चाहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम हो या ड्रोन दीदी योजना हो, उज्जवला योजना हो, सभी का लक्ष्य महिला सशक्तिकरण है। आज महिलाओं को फिर से उस संचार में हम अग्रणी बनाना चाहते हैं, जो इस देश को विश्वगुरु बनाएगा।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष सह सांसद धर्मशीला गुप्ता ने मंच संचालन किया। इस मौके पर मंत्री मंगल पांडेय और नीतीश मिश्रा ने भी लोगों को संबोधित किया।