पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार के पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट की जांच कर रहे एक सीनियर टीटी को एक युवक ने चाकू मार दिया था। इस घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम दीपक कुमार झा उर्फ पंडित जी (21) बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से कांड में प्रयुक्त किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है।
पटना रेल एसपी अमृतेंदु शेखर ठाकुर ने जानकरी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार झा (21) खुसरूपुर जिला पटना निवासी के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन में मोबाइल का एसेसरीज बेचने का काम करता है. पुलिस पूछताछ के बाद जेल भेजने की तैयारी कर रही है. चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस के द्वारा तहकीकात कर महज 4 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. आरोपी दीपक कुमार वेंडर का काम करता है. ट्रेन में घूम-घूमकर मोबाइल का इयर फोन बेचता है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस उससे सभी मामलों में पूछताछ कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवक दीपक कुमार झा का पूर्व का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। उन्होंने बताया कि देवेश कुमार सिंह पर आखिर दीपक कुमार झा ने क्यों और किस परिस्थिति में चाकू से हमला किया। इसकी भी पूरी जांच की जा रही है।
क्या था मामला-
शुक्रवार को टीटीई देवेश कुमार सिंह के द्वारा टिकट चेक किया जा रहा था. बख्तियारपुर से पटना आ रही कोसी एक्सप्रेस में चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान दीपक कुमार से भी टिकट की मांग की गई. इसके बाद ट्रेन पटना पहुंची और प्लेटफार्म नंबर दो पर देवेश कुमार के द्वारा टिकट बनाने के लिए बोला गया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसी दौरान दीपक कुमार ने चाकू से हमला कर दिया था जिसमे पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। वहीं जख्मी देवेश कुमार सिंह का इलाज पटना स्थित रेलवे अस्पताल में चल रहा है।
