पटना सिटी, (न्यूज क्राइम 24) शहर के मशहूर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ० सुनील कुमार बिजपुरिया की प्रथम पुण्यतिथि पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पटना सिटी एवं बिजपुरिया परिवार के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय मंगल तालाब, दीरा के रामचंद्र गोप पथ स्थित क्लीनिक में संपन्न हुआ।
शिविर में हड्डी, नस एवं गठिया के सैकड़ों मरीज़ों का इलाज़ एवं उन्हें समुचित परामर्श दिया गया। इस अवसर पर वरीय चिकित्सा डॉ० आलोक सिन्हा,पीएमसीएच के डॉ० पीयूष शर्मा एवं डॉ० हर्षित बिजपुरिया ने ठंड में जोड़ों में बढ़ते अकड़न को रोकने के लिए जोड़ों की गुनगुने पानी से सेंकाई करने की नसीहत दी।इसके साथ ही,उन्होंने बुढ़ापे में कैल्शियम सप्लीमेंट के रूप में लेते रहने तथा हठात् न उठने-बैठने की सलाह दी। उन्होंने आगे कहा कि हमें हड्डी संबंधी विकारों से बचने के लिए अपने पोश्चर (मुद्रा) पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, पटना सिटी चैप्टर के अध्यक्ष गोविंद कनोडिया, सदस्य एड० गौतम बिजपुरिया, वरीय समाजसेवी विजय कुमार सिंह, अजय बिजपुरिया, सुशील बिजपुरिया के साथ ही समाजसेवी रघुनाथ प्रसाद, आयुष कुमार कान्हा, दीपक बिजपुरिया, अमित कुमार, लाला यादव, सुधांशु रंजन आदि शिविर की व्यवस्था में सक्रिय रहे।
