पटनासिटी(न्यूज क्राइम 24): श्री गुरु गोविंद सिंह महाविद्यालय में एन.सी.सी. प्रकोष्ठ की तरफ से विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया. इसे अंग्रेजी में नो टोबैको डे या एंटी टोबैको डे के रूप में लोग जानते हैं. इस उपलक्ष्य में तंबाकू निषेध को लेकर एक परिचर्चा आयोजित की गई और एनसीसी कैडेट्स की पदयात्रा भी हुई. पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से लेकर गुरुद्वारा पटना साहिब तक रखी गई थी.
तंबाकू निषेध को रखी गई परिचर्चा को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) कनक भूषण मिश्र ने तंबाकू का सेवन करने से होने वाली समस्याओं को पूरे देश और समाज के सामने एक बहुत बड़े खतरे के रूप में होने की बात कही. उन्होंने कहा यह अत्यंत दुख का विषय है कि जिस देश की संस्कृति में मद्यपान और नशे से सावधान रहने के लिए बार-बार लोगों को जागरूक किया गया है, वहां लोग शराब, सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू, गुटखा जैसे हानिकारक और जानलेवा साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. हमें इससे बचना होगा, साथ ही लोगों को बचाना भी होगा.
परिचर्चा और पदयात्रा का संयोजन एवं नेतृत्व एनसीसी पदाधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. अमरेंद्र नाथ त्रिपाठी ने किया. उन्होंने कैडेट्स को जागरूक करते हुए कहा कि यह अभियान किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहना है और एनसीसी कैडेट होने के नाते हमें हर दिन समाज में यह जागृति लानी है. कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनसीसी कैडेट्स की तरफ से बनाए गए पोस्टर थे जिसमें नो टोबैको डे अर्थात तंबाकू निषेध दिवस को लेकर जरूरी संदेश दिए गए थे. पदयात्रा के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अपने नारों से पूरे वातावरण को ऊर्जावान कर दिया. कुछ नारे इस तरह से रहे : आओ हम संकल्प करें
नशा मुक्त यह देश करें.
तंबाकू से नाता तोड़ो
जीवन से नाता जोड़ो.
तंबाकू जो खाएगा
यमराज उठा ले जाएगा.
तंबाकू निषेध दिवस के कार्यक्रम में डॉ. उमेश कुमार, डॉ अखिलेश सिंह, डॉ. पुष्पा सिन्हा, डॉ ज्योति शंकर सिंह , डॉ. विकास कुमार आदि शिक्षक उपस्थित थे। एस.यू.ओ. राजकुमार, यू.ओ. संजना राज, सार्जेंट सोनू कुमार, सार्जेंट किरण कुमारी, सार्जेंट अंजली कुमारी, सार्जेंट रवि रंजन आदि एन.सी.सी. कैडेट्स कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे मनोयोग से लगे रहे।
