जमुई(मो० अंजुम आलम): जमुई-गिद्धौर मुख्य मार्ग पर रतनपुर लोटन गांव के पास शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से बाइक सवार दो छात्र की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक छात्र बाल-बाल बच गया। सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची गिद्धौर थाना की पुलिस के द्वारा घटना की जांच की जा रही है।वहीं दुर्घटना के बाद परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया।
इस दौरान आक्रोशित लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे। ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन के द्वारा आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया गया और दोनो छात्र के शव का पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी कर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक छात्र की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी महेंद्र यादव के पुत्र ऋषभ यादव और नरेश यादव के पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनो मृतक मैट्रिक का छात्र है। दोनो के मैट्रिक परीक्षा का केंद्र खैरमा था जहां से परीक्षा देकर एक बाइक पर तीन छात्र लौट रहा था।इसी दौरान रतनपुर लोटन गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आई और अनियंत्रित होकर ठोकर मार दी।
जिससे दो छात्र की मौका ए वारदात पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक छात्र बाल बाल बच गया। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।पुलिस फरार ट्रक की तालाश में जुटी हुई है। एक साथ दो छात्र की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ हुआ है।
