पूर्णिया(न्यूज़ क्राइम 24): कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा वयस्कों को बूस्टर डोज के लिए कार्बेवैक्स वैक्सीन को मंजूरी दे दी गई है। जिन वयस्कों ने कोविशील्ड या कोवैक्सीन की दोनों खुराक ले ली है। वही लोग इस बूस्टर डोज को लगवा सकते हैं। जिसको लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 साल से अधिक उम्र के जिन लोगों को कोवैक्सीन या कोविशील्ड की दूसरी डोज़ लगे छः महीने या 26 सप्ताह हो चुके हैं, उनके लिए कॉर्बेवैक्स की डोज़ एहतियात के तौर पर उपलब्ध होगी।
ढ़ाई महीने तक चलने वाले कोविड-19 टीकाकरण अमृत महोत्सव के दौरान शत प्रतिशत लोगों को टीकाकृत करने का लक्ष्य: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत लगभग ढाई महीने तक चलने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पात्र लाभार्थियों को टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे देश में विगत 15 जुलाई से आगामी 30 सितंबर तक कोविड-19 टीकाकरण अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 18 वर्ष आयु वर्ग से अधिक उम्र के वंचित लाभार्थियों को म़ुफ्त में बूस्टर डोज दी रही है।
टीके से वंचित लाभार्थियों को चिन्हित कर किया जा रहा है टीकाकृत: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ एसके वर्मा ने बताया कि एक बार फिर से बिहार के कुछ जिलों में कोविड-19 संक्रमण की शिकायत मिली है। ऐसे में हर किसी को कोविड-19 का टीका लेना जरूरी है। क्योंकि जब तक हम सुरक्षित नहीं रहेंगे तब तक दूसरे को सुरक्षित नहीं रख सकते हैं। सभी नागरिकों की यह जिम्मेदारी बनती है कि अपने नियत समय पर कोविड का टीका अवश्य लगवा लें। इसके लिए हर घर दस्तक टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
ज़िले के 2,61,385 लाभार्थियों को दिया गया बूस्टर डोज़: डीआईजी
ज़िला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ विनय मोहन ने बताया कि जिले के किशोर, किशोरियों को कोविड-19 का टीके का पहला व दूसरा डोज़ लगाया जा रहा है। जबकिं 18 वर्ष आयु वर्ग से अधिक उम्र के लाभार्थियों को प्रथम, दूसरा एवं बूस्टर डोज़ दिया जा रहा है। जिले में 12 से 14 आयु वर्ग के 1 लाख, 23 हज़ार, 345 लाभार्थियों को प्रथम डोज़ दिया गया है। जबकिं 86 हज़ार 149 को दूसरा डोज़ लगाया गया है। इसी प्रकार 15 से 17 आयुवर्ग में 2 लाख, 17 हज़ार 33 लाभार्थियों को प्रथम डोज़ दिया गया है। जबकिं 1 लाख, 83 हज़ार 168 लाभार्थियों को दूसरा डोज़ दिया गया है। इसी प्रकार 18 से अधिक उम्र के 21 लाख 4 हज़ार 3 लाभार्थियों को पहला डोज़ तो 20 लाख 22 हज़ार 518 लाभार्थियों को दूसरा डोज़ दिया गया है। इसी तरह 2 लाख 61 हज़ार 385 लाभार्थियों को बूस्टर डोज़ लगाया गया है।
