अररिया(रंजीत ठाकुर): अररिया जिले में कोरोना संक्रमण का मामला तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को फिर संक्रमण के 25 नये मामले सामने आये। इस बीच 28 संक्रमितों के ठीक होने के बाद जिले में फिलहाल एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 88 है। गौरतलब है कि जुलाई माह में कुल 62 हजार 264 लोगों की हुई कोरोना जांच में संक्रमण के 185 मामले अब तक सामने आये हैं। इस तरह देखा जाये तो जिले में हर दिन औसतन 06 नये मामले संक्रमण के सामने आ रहे हैं। जिले में संक्रमण के प्रसार की दर 0.30 के करीब है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कोविड जांच व टीकाकरण का कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने का निर्देश विभाग को प्राप्त है। कोरोना संबंधी मामलों की समीक्षात्मक बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने जिले में गुरुवार को आयोजित अभियान के क्रम में 50 हजार से अधिक लाभुकों को टीकाकृत करने का लक्ष्य जिला स्वास्थ्य विभाग को दिया है।
50 हजार लाभुकों को टीकाकृत करने का है लक्ष्य
सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने बताया कि जिले में गुरुवार को संचालित विशेष टीकाकरण अभियान में 50 हजार लाभुकों को टीकाकृत करने का लक्ष्य है। इसे लेकर जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। अभियान की सफलता के लिए जीविका, शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायती राज विभाग से अपेक्षित सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये गये हैं। वरीय अधिकारियों द्वारा इसकी समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के क्रम में 12 से 14 व 15 से 18 साल के किशोरों को टीका का निर्धारित डोज प्राथमिकता के आधार पर लगाया जाना है। इसे लेकर विद्यालयों में टीकाकरण सत्र के संचालन को प्रमुखता दी गयी है।
चिह्नित 436 स्थानों पर होगा टीकाकरण सत्र आयोजित
डीआईओ डॉ मोईज ने बताया कि पूरे जिले में 436 चिह्नित स्थानों पर टीकाकरण सत्र संचालित जाएगा। टीकाकरण को लेकर प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं। ड्यू लाभार्थियों से संबंधित विवरण उपलब्ध कराया गया है। सभी टीकाकरण सत्र पर एक टीकाकर्मी व एक वेरिफायर प्रतिनियुक्त हैं। उन्होंने कहा कि बड़े प्रखंड अररिया, फारबिसगंज, नरपतगंज, रानीगंज व जोकीहाट को 05 हजार से अधिक व छोटे प्रखंड भरगामा, कुर्साकांटा, पलासी व सिकटी को अभियान के क्रम में इससे कम लाभुकों के टीकाकरण का लक्ष्य सौंपा गया है।
18 साल से कम उम्र के किशोरों को निर्धारित डोज देना प्राथमिकता
जिला प्रतिरक्षण कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 प्लस व 15 प्लस आयु वर्ग के कुल 2 लाख 38 हजार 488 लाभुक टीका के प्रथम व द्वितीय डोज से वंचित हैं। जानकारी मुताबिक 12 से 14 साल आयु वर्ग के 89 हजार 296 लाभुक टीका के प्रथम व 27 हजार 765 लाभुक टीका के दूसरे डोज से वंचित हैं। वहीं 15 से 18 साल आयु वर्ग के 73 हजार 878 लाभुक टीका के प्रथम व 46 हजार 919 लाभुक टीका के दूसरे डोज से वंचित हैं। अभियान के क्रम में उक्त निर्धारित आयु वर्ग के लाभुकों को प्राथमिकता के आधार टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
