कोलकाता(न्यूज़ क्राइम 24): पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी ने कई बड़े खुलासे किए हैं. ईडी की पूछताछ में अर्पिता ने बताया कि पार्थ चटर्जी उसके घर को ‘मिनी बैंक’ की तरह इस्तेमाल करते थे. अर्पिता ने बताया कि पार्थ चटर्जी उसके घर में ही पैसा रखा करते थे. ईडी के सूत्रों ने यह जानकारी दी है. बता दें कि पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में अर्पिता मुखर्जी ने ईडी को गिरफ्तार किया है. अर्पित मुखर्जी के घर पर छापेमारी के दौरान 21 करोड़ रुपये नकदी बरामद हुई थी.
वहीं ईडी के इस दावे को अर्पिता मुखर्जी के वकीलों की ओर से चुनौती दी जा सकती है. वकीलों का कहना है कि ईडी की ओर से जांच की डिटेल को मीडिया से लीक किया जा रहा है, जो गलत है. इसके साथ ही वकीलों की ओर से केंद्रीय एजेंसियों की ओर से दर्ज केसों में लोगों के दोषी पाए जाने की कम दर का भी सवाल उठाया जा सकता है. अर्पिता की पार्थ से मुलाक़ात पश्चिम बंगाल की अभिनेत्री ने करवाई थी. उसकी 2016 से पार्थ से दोस्ती थी. लेकिन गलत गतिविधियां 2 साल पहले से शुरू हुईं थी. ये पैसा एसएससी एग्जाम के अलावा ट्रांसफर ,कॉलेजों को मान्यता दिलवाने जैसे कामों से आता था. पैसा हमेशा पार्थ के लोग लेकर आते थे पार्थ नहीं. वहीं ईडी को पार्थ के घर से 2012 टीईटी एग्जाम के भी दस्तावेज मिले हैं. अर्पिता ने कई संपत्तियों के बारे में भी बताया है. एक ब्रोकर और एक बड़े कारोबारी का ज़िक्र भी किया गया है. इनके यहां भी ईडी ने छापेमारी की है.
वर्ष 2008 से 2014 के बीच बंगाली और उड़िया फिल्म उद्योग में सक्रिय रहीं मुखर्जी ने मॉडलिंग भी की. लेकिन मनोरंजन उद्योग में सीमित सफलता के बावजूद मुखर्जी दक्षिण कोलकाता के जोका इलाके में एक शानदार अपार्टमेंट की मालकिन हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सूत्रों ने कहा कि वह नियमित रूप से शहर में हुक्का बार जाती थीं और बैंकॉक और सिंगापुर जैसी जगहों की भी यात्रा करती थीं.
